झाबर पंचायत के इचाक ग्राम में जीउतिया जतरा मेला उल्लासपूर्वक संपन्न.
अनीता देवी रही- मुख्य अतिथि - लातेहार, 15 सितंबर 2025 झाबर पंचायत के इचाक ग्राम में पारंपरिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक जीउतिया जतरा मेला धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और पूरे कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल होकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए लोग पारंपरिक परिधानों में नजर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का रंग छा गया।
मेला स्थल पर पारंपरिक नृत्य, गीत और लोक-संगीत की प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। अनीता देवी ने अपने संबोधन में कहा कि जीउतिया जतरा केवल पर्व नहीं, बल्कि यह मां की ममता, सामाजिक एकता और हमारी गहरी सांस्कृतिक जड़ों का उत्सव है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से अपनी संस्कृति को संजोने और आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मेले समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में जिप उपाध्यक्ष अनीता देवी के साथ उनके पति और कोमर ग्राम निवासी एसडीएम प्रवीण कुमार सिंह तथा उनके पिता सुरेश सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अनीता देवी ने ग्रामवासियों को जतरा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी मंडलियों को एक-एक मांदर भेंट कर सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने का संदेश दिया। समारोह अंत में शांति, उल्लास और भाईचारे के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


