एसडीएम प्रवीण का अनोखा अभियान – फुटबॉल से बच्चों को नई राह
बालूमाथ, लातेहार, 12 सितंबर: छुट्टियों को आराम का समय मानने के बजाय एसडीएम प्रवीण कुमार सिंह ने इसे समाज के बच्चों के भविष्य संवारने में लगा दिया है।
वे गांव और आसपास के क्षेत्रों में बच्चों को फुटबॉल खेल से जोड़कर एक नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। अब तक 15 दिनों के भीतर लगभग 100 बच्चे इस अभियान से जुड़े हैं और उन्हें खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि खेल बच्चों को केवल फिट ही नहीं रखता, बल्कि उनमें टीमवर्क, नेतृत्व और समर्पण की भावना भी पैदा करता है। फुटबॉल के जरिए बच्चे नशे और बुरी आदतों से दूर होकर एक सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इन बच्चों को रोजगारपरक शिक्षा और प्रशिक्षण से भी जोड़ा जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर और समाज के लिए उदाहरण बन सकें।
जिप उपाध्यक्ष अनीता देवी ने इस अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कोच राजकिशोर पासवान और स्थानीय व्यवसायियों सहित कई लोगों ने सहयोग दिया है। गांव में यह अभियान चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग प्रवीण कुमार सिंह को एक कर्मठ और प्रेरणादायी अधिकारी के रूप में देख रहे हैं।


