States

ग्रामीण संपर्क को मिलेगा नया रास्ता.

पिपराही नदी पर पुल की दिशा में पहल.

लातेहार, 23 सितंबर 2025:
झारखंड प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने मंगलवार को मारंगलोईया के पिपराही टोला का दौरा किया और स्थानीय समस्याओं को नजदीक से समझा। यह क्षेत्र लंबे समय से मुख्यालय से सड़क संपर्क से कट हुआ है। ग्रामीणों को स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचने के लिए पिपराही नदी पार करनी पड़ती है। बरसात में स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब नदी का जलस्तर बढ़ जाता है और लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित होती है। हाल ही में नदी पार करते समय बकरियों के बह जाने की घटना ने समस्या की गंभीरता और बढ़ा दी है।

ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि यह समस्या केवल सुविधा से जुड़ी नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुल निर्माण के लिए विभागीय स्तर पर गंभीर पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में तेजी से कार्यवाही कर स्थायी समाधान निकालने की कोशिश होगी। ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई कि इस प्रयास से आने वाले दिनों में उन्हें सुरक्षित और सुगम मार्ग मिलेगा।

प्रवीण कुमार सिंह ने ग्रामीणों को यह आश्वासन दिया कि प्रशासन उनकी समस्या को अनदेखा नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि पुल बनने से बच्चों की शिक्षा, मरीजों की चिकित्सा सुविधा और ग्रामीणों के आर्थिक जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने जनसहयोग की भी अपील की और कहा कि सामूहिक प्रयास से यह सपना जल्द हकीकत बन सकता है। ग्रामीणों ने उनके इस संकल्प की सराहना की और कहा कि यह पहल उनके जीवन को बदल देगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button