Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने पुलिस विभाग में बढ़ती पैरवी और अनियमित प्रक्रियाओं पर रोक लगाने के लिए कड़ा निर्देश जारी किया है। एसपी ने कहा है कि पदस्थापन, प्रतिनियुक्ति या स्थानांतरण के लिए फोन, सिफारिश या बाहरी दबाव का सहारा लेना अब नियम उल्लंघन माना जाएगा।
उन्होंने बताया कि कई पुलिसकर्मी अपने मनचाहे पोस्टिंग के लिए अनुचित तरीकों का इस्तेमाल कर रहे थे। इस प्रवृत्ति से विभागीय अनुशासन और प्रशासनिक कार्य बाधित होते हैं। इसलिए अब ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी और सीधे कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने चेतावनी दी है कि यदि किसी कर्मी या अधिकारी द्वारा अनुचित माध्यम से स्थानांतरण या पोस्टिंग की कोशिश की गई तो तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू होगी। यह आदेश सभी पदाधिकारियों और आरक्षियों पर लागू रहेगा। यह कदम व्यवस्था और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए लिया गया है।



