झारखंड में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। राज्य के तापमान में तेजी से अप डाउन देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान अब 27.2 से घटकर 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। बहरागोड़ा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी तेजी से गिरा है।
गुमला में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर और सरायकेला में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। डाल्टनगंज, बोकारो और चाईबासा में भी दिन के समय हल्की गर्मी महसूस की गई। हालांकि रात के समय ठंड का असर बना हुआ है। लोगों को सुबह और देर रात ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। तीन और चार जनवरी को गढ़वा, चतरा, पलामू और लातेहार में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। रांची और आसपास के क्षेत्रों में तापमान सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों ने सतर्क रहने की सलाह दी है। कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है। खासकर सुबह के समय वाहन चलाने में सावधानी बरतने को कहा गया है।


