रांची : आर्मी भर्ती कार्यालय रांची ने अग्निपथ योजना के अंतर्गत आयोजित अग्निवीर नर्सिंग असिस्टेंट और अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट आज आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दिया है. इस परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है, क्योंकि यह परीक्षा सेना में नए अवसरों के द्वार खोलती है.
चयनित उम्मीदवारों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर ARO रांची में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों. यहां दस्तावेज़ सत्यापन, मेडिकल परीक्षण और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं संपन्न की जाएंगी. यदि कोई अभ्यर्थी देर से पहुंचता है या उपस्थित नहीं होता है, तो उसकी अभ्यर्थिता स्वतः रद्द मानी जाएगी.
दस्तावेज़ जांच के लिए आधार कार्ड, मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट फोटो, सहित सभी आवश्यक मूल और छायाप्रति दस्तावेज़ साथ लाने को कहा गया है. भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी प्रमाण पत्र समय पर लेकर आएं, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए.



