धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जर्जर बीसीसीएल क्वार्टर से 26 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। मृतक की पहचान न्यू सब्जी मंडी निवासी सुमन कुमार साव के रूप में हुई है, जो मोबाइल की दुकान चलाता था। स्थानीय लोगों ने शव देखने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही केंदुआडीह थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई, जिसके बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुमन सोमवार रात अपने दोस्तों के साथ इसी जर्जर क्वार्टर में खाना-पीना कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि सुमन ने काफी शराब पी रखी थी और रात में यहीं सो गया जबकि उसके दोस्त चले गए। सुबह स्थानीय लोगों ने उसे पतले कपड़े से फंदे पर लटका पाया। पुलिस ने बताया कि यह आत्महत्या प्रतीत हो रही है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।


