रांची : राजधानी रांची से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार फ्लाइट कैंसिल होने से लोग मजबूर होकर ट्रेन का सहारा ले रहे हैं, लेकिन समस्या यह है कि लगभग सभी ट्रेनों में सीटें पहले से ही भरी हुई हैं। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन की ओर से केवल रिफंड दिया जा रहा है, लेकिन तत्काल यात्रा के विकल्प नहीं मिल रहे हैं, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो रही है।
ऐसे समय में यात्रियों को राहत देने के बजाय रेलवे ने झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को अगले दो महीने के लिए रद्द कर दिया है। इस फैसले से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है क्योंकि दिल्ली की ओर जाने वाली यह प्रमुख ट्रेन अब उपलब्ध नहीं रहेगी। वहीं दूसरी ओर, रेलवे दूसरी रूटों के लिए स्पेशल ट्रेनें चला रहा है, लेकिन रांची- दिल्ली मार्ग पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।
यात्रियों ने बताया कि सिर्फ टिकट का पैसा वापस कर देना समाधान नहीं है। कई यात्रियों के जरूरी काम, मेडिकल अपॉइंटमेंट और परीक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। मांग की जा रही है कि झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को तुरंत बहाल किया जाए और दिल्ली, मुंबई तथा बेंगलुरु के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं। यात्रियों का कहना है कि इस मुद्दे पर तुरंत कदम उठाना जरूरी है ताकि स्थिति सामान्य हो सके।



