Latehar : सोमवार दोपहर लातेहार थाना क्षेत्र के जगलदगा गांव के पास रांची-मेदिनीनगर मुख्य सड़क (एनएच-75) पर तेज रफ्तार का नतीजा बड़ा हादसा बनकर सामने आया। दो बाइक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर आसपास के लोग दौड़ पड़े और घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर नियंत्रण खोने की वजह से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में सरयु प्रखंड के जिब्रिल अंसारी और चंदवा प्रखंड के देवी मंडप निवासी पवन कुमार बुरी तरह घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे युवा समाजसेवी कुमार नवनीत ने अपने निजी वाहन से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है और स्थिति गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।



