लखनऊ से ब्रह्मोस मिसाइल का पहला बैच कल होगा रवाना .
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाने जा रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखनऊ में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों के पहले बैच को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ब्रह्मोस एयरोस्पेस की लखनऊ स्थित नई एकीकरण और परीक्षण सुविधा (Integration and Test Facility) से इस बैच का सफलतापूर्वक उत्पादन किया गया है।
लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित यह अत्याधुनिक इकाई 11 मई, 2025 को उद्घाटन के बाद पूरी तरह से संचालन में आ गई थी। यह सुविधा मिसाइल एकीकरण, परीक्षण और अंतिम गुणवत्ता जांच के लिए सभी आधुनिक प्रणालियों से सुसज्जित है। यह घटनाक्रम उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे (UPDIC) के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा और रक्षा उत्पादों में भारत के आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
आधिकारिक बयान के अनुसार, इस अवसर पर रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री बूस्टर भवन का उद्घाटन भी करेंगे। यह लखनऊ इकाई उत्तर प्रदेश रक्षा गलियारे में पहला ऐसा संयंत्र है, जहां मिसाइल प्रणाली के निर्माण से लेकर अंतिम परीक्षण तक की पूरी प्रक्रिया स्वदेशी रूप से की जाती है। ब्रह्मोस मिसाइलों का उत्पादन न केवल भारतीय सशस्त्र बलों की जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि राज्य के लिए जीएसटी राजस्व भी पैदा करेगा और कुशल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा।



