धनबाद/नई दिल्ली: सर्दियों के दौरान कोहरे से रेल परिचालन में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए रेलवे ने विशेष योजना बनाई है। इसके तहत कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया जाएगा। यह व्यवस्था एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी। रेलवे ने कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों को निर्धारित अवधि के लिए रद्द करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही कुछ ट्रेनों के फेरों में कटौती की गई है।
संतरागाछी-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस संख्या 22857 सात दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक रद्द रहेगी। आनंद विहार-संतरागाछी सुपरफास्ट एक्सप्रेस संख्या 22858 आठ दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 तक नहीं चलेगी। इस फैसले से दोनों दिशाओं में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रेलवे ने त्रिवेणी एक्सप्रेस के परिचालन दिनों में भी कमी की है। इसके तहत सिंगरौली-टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस संख्या 15073/15074 के कुछ फेरे रद्द किए गए हैं। टनकपुर-शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस संख्या 15075/15076 के भी कुछ फेरे रद्द रहेंगे।
अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस संख्या 12988 के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन एक दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को नहीं चलेगी। सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस संख्या 12987 दो दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रद्द रहेगी। इस तरह दोनों ट्रेनों के निर्धारित साप्ताहिक फेरों में कटौती की गई है। कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस संख्या 12357 पांच दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 तक प्रत्येक शनिवार को नहीं चलेगी। अमृतसर-कोलकाता दुर्ग्याणा एक्सप्रेस संख्या 12358 सात दिसंबर 2026 से एक मार्च 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को रद्द रहेगी।
चंबल एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए भी रेलवे ने बदलाव की घोषणा की है। हावड़ा-मथुरा चंबल एक्सप्रेस संख्या 12177 चार दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक आगरा कैंट और मथुरा के बीच नहीं चलेगी। वापसी दिशा में मथुरा-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस संख्या 12178 सात दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक इस रेलखंड पर आंशिक रूप से रद्द रहेगी। दोनों ट्रेनों के यात्रियों को इस दौरान वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। रेलवे ने सभी यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है। संबंधित तारीख पर ट्रेन चल रही है या नहीं, इसकी जानकारी लेना जरूरी होगा। रेलवे ने समय रहते जानकारी हासिल कर यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।



