खूंटी जिले में PLFI के नाम पर लेवी मांगने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी व्यवसायियों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से अवैध वसूली की कोशिश कर रहे थे। उनकी गिरफ्तारी रनिया थाना क्षेत्र में हुई। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने PLFI के तीन पर्चे भी बरामद किए हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। यह कार्रवाई खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि इस मामले में दो अलग-अलग घटनाओं की जांच की जा रही थी। पहली घटना 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास हुई थी। वहां एक आवासीय विद्यालय में PLFI का पर्चा फेंककर लेवी मांगी गई थी। दूसरी घटना 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में सामने आई थी। वहां VKS सड़क निर्माण परियोजना से जुड़े लोगों को पर्चा देकर पैसे मांगने की शिकायत मिली थी। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान शुरू किया। एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम तैयार की गई।
21 नवंबर को पुलिस को संदिग्धों के आने की सूचना मिली। बताया गया कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर बाइक से जयपुर और कैलो की तरफ से रनिया पहुंच रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की। टीम ने दो लोगों को पकड़कर उनकी तलाशी ली। इस दौरान हथियार, कारतूस और संगठन से संबंधित पर्चे बरामद हुए। गिरफ्तार युवकों की पहचान संजू मांझी (24) और अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (24) के रूप में हुई है। दोनों केलो गांव के रहने वाले हैं।
संजू मांझी के पिता बालू मांझी हैं, जबकि अंकुश बागे के पिता का नाम राम बागे है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। अभियान में एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लू और रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार शामिल थे। आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस और तपकरा थाना के सहायक अवर निरीक्षक कैलाश उरांव ने भी कार्रवाई में योगदान दिया। रनिया, तपकरा और आनंदपुर थानों के सशस्त्र जवान भी संयुक्त छापेमारी दल का हिस्सा थे।



