JharkahndStates

22 साल तक माओवादी संगठन में सक्रिय रहा कमांडर दोषी.

हथियार बरामदगी मामले में 10 साल का कठोर कारावास.

गुमला जिले में माओवादी संगठन के पूर्व जोनल कमांडर राम प्रसाद लकड़ा को अदालत ने 10 साल की सजा सुनाई है। वह 10 लाख रुपये का इनामी था।

जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-तीन भूपेश कुमार की अदालत ने आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट की चार धाराओं में उसे दोषी करार दिया। चारों धाराओं के तहत अलग-अलग सजाएं सुनाई गई हैं। सभी सजाएं एक साथ लागू होंगी। इस कारण उसकी कुल जेल की अवधि 10 साल निर्धारित हुई है। अदालत ने 80 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

अदालत में सजा सुनाए जाने से पहले राम प्रसाद लकड़ा ने नरमी बरतने की अपील की थी। उसने अपनी गरीबी और पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला दिया। आरोपी ने कहा कि उसके परिवार की आमदनी का एकमात्र स्रोत वही है। उसने अदालत से कम सजा देने का अनुरोध किया। हालांकि, कोर्ट ने उसकी मांग ठुकरा दी। अदालत ने बरामद हथियारों और अपराध की गंभीरता को देखते हुए राहत नहीं दी।

मुकदमे की सुनवाई में अभियोजन पक्ष ने 17 गवाहों को पेश किया था। इनमें पुलिस पदाधिकारी और मुठभेड़ में शामिल सुरक्षाकर्मी शामिल थे। मामले के अनुसंधानकर्ता और चिकित्सा विशेषज्ञों की गवाही भी दर्ज की गई। अदालत में जब्ती सूची, प्राथमिकी और विशेषज्ञ रिपोर्ट समेत अन्य जरूरी दस्तावेज पेश किए गए। साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराया।

यह मामला वर्ष 2015 में पुलिस की ओर से चलाए गए अभियान से संबंधित है। 11 जून को चैनपुर थाना क्षेत्र के कटकाही नाला जंगल के पास पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। तत्कालीन एएसपी पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की थी। मुठभेड़ के बाद राम प्रसाद लकड़ा सहित तीन माओवादियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उसके पास से छह नियमित राइफल बरामद करने का दावा किया था। इसके अलावा करीब 300 गोलियां, विस्फोटक सामग्री और नक्सली वर्दी भी जब्त की गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राम प्रसाद करीब 22 वर्षों तक माओवादी संगठन में सक्रिय रहा था। वह संगठन में जोनल कमांडर के रूप में काम करता था। फिलहाल उसे रांची के होटवार जेल में रखा गया है। अदालत के फैसले के अनुसार, अब उसे 10 साल के कठोर कारावास की सजा काटनी होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button