लातेहार, 10 सितंबर: लातेहार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड के तहत चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्ति आउटसोर्सिंग प्रक्रिया के जरिए की गई है। इस मौके पर बारीखाप आरोग्य मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता देवी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं और इस पहल को ग्रामीण स्वास्थ्य क्षेत्र में नई उम्मीद बताया।
अनीता देवी ने कहा कि लंबे समय से जिले के अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी महसूस की जा रही थी। उपाध्यक्ष बनने के बाद से ही वह इस मुद्दे को लगातार उठा रही थीं और अब जाकर इसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने कहा कि डीएमएफटी फंड से किए जा रहे ये प्रयास न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेंगे, बल्कि ग्रामीण जनता को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में भी मददगार होंगे। साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि शिक्षा क्षेत्र में भी इसी तरह डीएमएफटी का उपयोग कर शिक्षकों की नियुक्ति की जानी चाहिए।
अपने संबोधन में अनीता देवी ने सहिया दीदी के कार्य को सराहा और कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने चेताया कि कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएँ सिस्टम पर सवाल उठाती हैं, जिन्हें रोकने के लिए सभी को सतर्क रहना होगा। कार्यक्रम में उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में जिले में एक नई शुरुआत हुई है।



